लोहरदगा: लोहरदगा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर शहर में सनसनी फैलाने वाली तीन बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा .315 बोर की गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए रांची में छापेमारी कर रही है।
30 जुलाई 2026 को अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में लूट का प्रयास किया गया। इसके कुछ ही देर बाद पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप पर छिनतई का प्रयास हुआ और वहीं पास स्थित प्रिया स्टोर के संचालक शुभम कुमार को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल शुभम कुमार को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान लाल रौशन नाथ शाहदेव (लोहरदगा) और हसमथ राजा (गुमला) के रूप में की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद 1 अगस्त की सुबह लोहरदगा थाना क्षेत्र के ग्राम ओयना स्थित एक बंद मकान से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव ने पूछताछ में बताया कि पहले उसने खत्री ज्वेलर्स में सोने की चेन लेने के दौरान दुकानदार से विवाद होने पर हथियार दिखाकर लूट का प्रयास किया, लेकिन असफल रहा। इसके बाद वह अपने साथी के साथ हथियार लेकर पतराटोली पेट्रोल पंप पहुंचा और वहां भी लूट की कोशिश की। विरोध होने पर दोनों वहां से भागे और प्रिया स्टोर संचालक शुभम कुमार को गोली मार दी।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि उसकी दुश्मनी पूर्व पीएलएफआई कमांडर संदीप भगत से थी और उसे शक था कि शुभम कुमार उसकी मुखबिरी करता था। इसी संदेह में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव पर पहले से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और लूट जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।






