रांची: जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त संजय भगत, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, प्रोबेशनर आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, आईटीडीए निदेशक मनीषा तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि सरकार की विकास योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
कानून-व्यवस्था पर सतर्क रहने का निर्देश
बैठक में विधि-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, जन शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने तथा जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर
यातायात व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाने, अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने, सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि विकास और सुशासन के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल किया जा सके।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।






