रांची, 26 जुलाई: डूरंड कप 2026 के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर रविवार को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम में प्रतिनियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने अधिकारियों को उनके दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी तथा जिम्मेदारियों का गंभीरता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि डूरंड कप देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में से एक है और रांची को इसकी मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने, किसी भी समस्या की तत्काल सूचना कंट्रोल रूम को देने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्टेडियम परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, वीआईपी गैलरी, खिलाड़ियों के आवागमन मार्ग, पार्किंग, दर्शक दीर्घा, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही अधिकारियों को आम दर्शकों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने और किसी भी अफवाह या विवाद की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने कहा कि मैच के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को ड्यूटी स्थल पर सतत मौजूद रहने, प्रत्येक दर्शक की अनिवार्य सुरक्षा जांच करने तथा प्रतिबंधित वस्तुओं को स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने देने का निर्देश दिया।
एसएसपी ने वीआईपी मूवमेंट, खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों की सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा। उन्होंने वायरलेस संचार के माध्यम से लगातार जुड़े रहने और अग्निशमन, स्वास्थ्य, एम्बुलेंस तथा आपदा प्रबंधन विभागों के साथ समन्वय बनाकर किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी रखने पर बल दिया।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को स्टेडियम का सेक्टरवार दायित्व, प्रवेश-निकास व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, दर्शकों के सुगम आवागमन, सुरक्षा जांच, वीआईपी प्रोटोकॉल, मीडिया समन्वय और आपातकालीन निकासी योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई।
बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक), अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) तथा भारतीय सेना के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






