डूरंड कप 2026: रांची पूरी तरह तैयार, सभी टिकट हुए वितरित, बिना टिकट प्रवेश नहीं

SHARE:

रांची, 25 जुलाई 2026: डूरंड कप 2026 के सफल आयोजन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार रात मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम का निरीक्षण कर सुरक्षा, दर्शक सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रशासन ने स्टेडियम परिसर में बनाए गए 12 काउंटरों के माध्यम से टिकट वितरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। शून्य शुल्क पर उपलब्ध कराए गए सभी टिकट 100 प्रतिशत वितरित हो चुके हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल वैध टिकट या अधिकृत पासधारकों को ही स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा, जबकि बिना टिकट या पास के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

मैच के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता और विद्युत व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने फुटबॉल प्रेमियों से अपील की है कि वे समय पर स्टेडियम पहुंचें, सुरक्षा जांच में सहयोग करें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए खेल भावना के साथ आयोजन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *