रांची:- कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड में शनिवार को विद्यार्थियों के समग्र विकास पर केंद्रित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय आम दिवस के अवसर पर इंटर हाउस फ़ायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता में विभिन्न सदनों के प्रतिभागियों ने अग्निरहित भोजन तैयार किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने फलों, सब्जियों, ब्रेड, नट्स इत्यादि से सुरुचिपूर्ण ढंग से पकवान तैयार किया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर ने किया।
इससे पहले रांची सहोदय कांप्लेक्स के तत्वाधान में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में निदेशक परमजीत कौर,गोविंद राम कटारुका स्कूल की प्राचार्या श्रीमती शिप्रा प्रकाश एवं सच्चिदानंद ज्ञान भारती स्कूल की प्राचार्या श्रीमती सुमिता सेन ने कैंब्रियन विद्यालय परिसर में बच्चों के साथ मिलकर पौधारोपण किया। बाल वाटिका में कारगिल विजय दिवस और येलो डे सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। मौके पर श्रीमती कौर ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास पर केंद्रित यह कार्यक्रम मौजूदा शिक्षा नीति के अनुरूप है। फायरलेस कुकिंग बच्चों में व्यवहारिक शिक्षण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक पहल है। ऐसे कार्यक्रम सकारात्मक परिवर्तनों का वाहक साबित होंगे।






