रांची में शुरू हुआ ‘जन-वार्तालाप’ कार्यक्रम, SSP ने पहाड़ी मंदिर व सुखदेवनगर क्षेत्र की समस्याओं पर की सीधी चर्चा

SHARE:

रांची, 24 जुलाई 2026: रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने शुक्रवार से ‘जन-वार्तालाप’ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य शहर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों, स्थानीय पार्षदों और समाजसेवियों के साथ संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था एवं अन्य गंभीर सामाजिक मुद्दों का समाधान करना है।

कार्यक्रम के तहत पहली बैठक पुलिस कार्यालय, रांची में आयोजित हुई, जिसमें सुखदेवनगर, पहाड़ी मंदिर, खादगढ़ा एवं आसपास के क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भाग लिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सहायक पुलिस अधीक्षक (कोतवाली), थाना प्रभारी सुखदेवनगर एवं कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों, कानून-व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं को पुलिस के समक्ष रखा। SSP ने संबंधित अधिकारियों को असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, स्कूल-कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी सावन माह को देखते हुए पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और शांतिपूर्ण विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। पहाड़ी मंदिर पूजा समिति, केंद्रीय शांति समिति, स्थानीय पार्षदों और प्रबुद्धजनों से सुझाव लिए गए, जिनके आधार पर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

SSP ने नगर एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षकों को भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से जन-वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय लोगों के साथ संवाद बढ़ाने और सामाजिक समस्याओं का मिलकर समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल से पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।

बैठक में स्थानीय पार्षदों एवं समाजसेवियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *