रांची पुलिस ने अशोक नगर चोरी कांड का किया खुलासा, ₹17.36 लाख नकद और जगुआर कार बरामद

SHARE:

रांची, 23 जुलाई। रांची पुलिस ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में 9 जुलाई को हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए ₹17.36 लाख नकद, सोने के आभूषण और चोरी में प्रयुक्त जगुआर कार बरामद की है। मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए कोलकाता में छापेमारी कर चोरी में प्रयुक्त जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद की। पुलिस ने चोरी की रकम और कुछ आभूषण भी जब्त किए।

पुलिस के अनुसार इस वारदात में कुख्यात अंतरराज्यीय चोर इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा शामिल हैं। फरार आरोपियों के घरों से उनकी पत्नियों गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली के कब्जे से चोरी के गहने और नकदी बरामद होने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी मो. इरफान देश के कई राज्यों और शहरों, जिनमें दिल्ली, कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, पुणे, केरल, छत्तीसगढ़, सीतामढ़ी और जालंधर शामिल हैं, में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बरामद सामान

  • ₹17,36,200 नकद
  • एक सोने का मंगलसूत्र
  • एक डायमंड
  • तीन सोने की अंगूठियां
  • चोरी में प्रयुक्त जगुआर कार (UP78EM0101)

पुलिस ने बताया कि फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *