रांची, 23 जुलाई। रांची पुलिस ने नामकुम थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 7.47 ग्राम ब्राउन शुगर, 6 स्मार्टफोन और ₹7,470 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मौलाना आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा के पीछे रांची अंजुमन इस्लामिया के अर्धनिर्मित भवन में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से मो. अरबाज अंसारी, अली खान, मो. अरबाज, मो. फैजान रजा उर्फ सोनू, मो. सोयेब खान और सेराजुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया। तलाशी में सभी के पास से कुल 26 पुड़िया ब्राउन शुगर (7.47 ग्राम), 6 स्मार्टफोन और ₹7,470 नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर ब्राउन शुगर की तस्करी करते थे। उन्होंने बताया कि वे करीब 40 पुड़िया (लगभग 12 ग्राम) ब्राउन शुगर लेकर आए थे, जिनमें से 14 पुड़िया बेच चुके थे, जबकि शेष 26 पुड़िया पुलिस ने बरामद कर ली। बरामद नकदी भी नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने ब्राउन शुगर के मुख्य आपूर्तिकर्ता की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
बरामद सामान
- 26 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन 7.47 ग्राम)
- 6 स्मार्टफोन
- ₹7,470 नकद






