रांची, 23 जुलाई: वाईबीएन विश्वविद्यालय, रांची में गुरुवार, 23 जुलाई 2026 को अपराह्न 3:00 बजे वर्ष 2026 की तृतीय परीक्षा समिति (Examination Committee Meeting-ECM) की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य परीक्षा एवं शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों पर विचार-विमर्श एवं अनुमोदन करना था।
बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति एवं परीक्षा समिति के अध्यक्ष प्रो. सत्यदेव पोद्दार ने की। बैठक में परीक्षा नियंत्रक डॉ. श्रवण कुमार सिंह, कुलसचिव (रजिस्ट्रार) डॉ. दीप्ति भार्गव, उप परीक्षा नियंत्रक ई. मुक्ति सरकार सहित परीक्षा समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
कुलपति की अनुमति से बैठक के विभिन्न एजेंडों को उप परीक्षा नियंत्रक ई. मुक्ति सरकार द्वारा प्रस्तुत किया गया। बैठक में परीक्षा परिणामों की घोषणा, परीक्षा प्रपत्र (फॉर्म) भरने की प्रक्रिया, पीएच.डी. उपाधि प्रदान करने, पीएच.डी. प्रवेश परीक्षा, परीक्षा समिति में नए सदस्यों के मनोनयन तथा अन्य विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. श्रवण कुमार सिंह ने सभी एजेंडों पर विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए, जिसके आधार पर समिति के सदस्यों ने व्यापक विचार-विमर्श किया। सभी एजेंडों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के समापन अवसर पर परीक्षा नियंत्रक ने सभी सदस्यों का उनके सहयोग एवं बहुमूल्य सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। समिति ने परीक्षा विभाग एवं शोध विभाग की समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुचारु परीक्षा संचालन तथा शोध संबंधी कार्यों के सफल निष्पादन की सराहना करते हुए दोनों विभागों को धन्यवाद दिया।
बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुनः गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं उत्कृष्ट परीक्षा व्यवस्था तथा शोध गतिविधियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।






