रांची। विश्व बाल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। इस दौरान बच्चों ने बाल अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कुरीतियों और अपने सपनों एवं भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री के साथ सार्थक संवाद किया।
मुलाकात के दौरान बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और समुदाय में किए जा रहे सकारात्मक बदलावों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि किस तरह बाल विवाह, बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों को रोकने और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही माहवारी स्वच्छता, स्वस्थ खानपान, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी अपने अनुभव साझा किए।
शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बच्चों के सवालों का सहजता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के विषय पर समीक्षा कर समाधान निकालने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पढ़ाई के साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा पंचायत स्तर पर खेल मैदानों का निर्माण कराने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलों में बन रहे पुस्तकालय, बच्चों को मिलेगी बेहतर सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में पुस्तकालय निर्माण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को सही और गलत के बीच अंतर समझने की क्षमता देती है। बाल विवाह को सामाजिक और कानूनी रूप से गंभीर समस्या बताते हुए उन्होंने बच्चों को निर्धारित उम्र में ही विवाह करने के प्रति जागरूक रहने की बात कही।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से सीधे बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। विद्यालयों में माहवारी स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के साथ बच्चियों और महिलाओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बच्चों की जागरूकता और आत्मविश्वास से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बाल पत्रकारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों की जागरूकता और आत्मविश्वास उन्हें हमेशा आश्चर्यचकित करता है। जिस स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ ये बच्चे अपने अधिकारों की बात रखते हैं, उससे उनके बेहतर नेतृत्वकर्ता बनने की उम्मीद दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जब कोई बच्चा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता है, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्याओं का समाधान सुझाता है, तो उसकी बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार सभी बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रत्येक बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने और अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर मिल सके।
बाल अधिकारों के लिए यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना
मुख्यमंत्री ने यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों द्वारा उठाए गए मुद्दे उनके दैनिक जीवन की वास्तविक चुनौतियों को सामने लाते हैं। बच्चों की बात सुनने से सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि योजनाओं का लाभ उन तक किस तरह पहुंच रहा है और उनकी जरूरतें कितनी पूरी हो रही हैं।
इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में भागीदार भी बनाया जाना चाहिए। बाल पत्रकार कार्यक्रम इस बात का उदाहरण है कि सही जानकारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व का अवसर मिलने पर बच्चे समाज में व्यापक बदलाव ला सकते हैं।
यूनिसेफ की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियों और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियां आज भी बच्चों के विकास में बाधा हैं। ऐसे में बच्चों को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। बच्चों में आज किया गया निवेश पूरे समाज के बेहतर भविष्य की नींव बनेगा।
ये बाल पत्रकार रहे मौजूद
कार्यक्रम में सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी सहित यूनिसेफ एवं एनबीजेके के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विश्व बाल दिवस पर आयोजित यह संवाद बच्चों की भागीदारी, उनके अधिकारों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।





