सरला बिरला पब्लिक स्कूल में ‘इंद्रप्रस्थ 2026’ का भव्य शुभारंभ, उद्यमिता और वित्तीय ज्ञान का अनूठा संगम

SHARE:

सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची में 3 नवंबर 2026 को अंतरविद्यालयीय वाणिज्य एवं व्यवसाय सम्मेलन ‘इंद्रप्रस्थ 2026’ के पाँचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस सम्मेलन में 10 विद्यालयों के 130 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को वाणिज्य, वित्त एवं उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराना तथा उनके ज्ञान को नए विचारों और व्यावहारिक कार्यों में परिणत करने का अवसर प्रदान करना था। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की सीआईआरसी की राँची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री अनीश जैन ने व्यावसायिक निर्णयों को विवेकपूर्ण ढंग से लेने में वित्तीय साक्षरता के महत्त्व पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान को वास्तविक आर्थिक चुनौतियों एवं उभरते अवसरों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक जगत में विश्वसनीयता नैतिक आचरण, विवेकपूर्ण निर्णय क्षमता एवं जवाबदेही पर आधारित होती है। उन्होंने युवा प्रतिभागियों को जिज्ञासा, अनुकूलनशीलता तथा दीर्घकालिक मूल्य सृजन की प्रतिबद्धता के साथ उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस सम्मेलन में आचार्यकुलम, ब्रिजफोर्ड स्कूल, कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल, गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल, निरजा सहाय डीएवी पब्लिक स्कूल, शारदा ग्लोबल स्कूल, सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल एवं विवेकानंद विद्या मंदिर सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लियज्ञं सम्मेलन के प्रथम दिन बिजनेस बाजार, आईएमएफ तथा बुल्स एंड बेयर जैसी रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बिजनेस बाजार के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी उद्यमशीलता, विपणन संबंधी नवीन सोच तथा प्रभावशाली संवाद कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आईएमएफ के अंतर्गत वैश्विक आर्थिक मुद्दों पर विचार-विमर्श, विभिन्न दृष्टिकोणों के आदान-प्रदान तथा वित्तीय चुनौतियों पर तार्किक विचार प्रस्तुत करने का मंच उपलब्ध कराया गया। वहीं, बुल्स एंड बेयर प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शेयर बाजार की कार्यप्रणाली को समझते हुए बाजार के रुझानों का विश्लेषण किया, जोखिमों का आकलन किया तथा रणनीतिक निवेश संबंधी निर्णय लेने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। इन सभी गतिविधियों ने प्रतिभागियों में सामूहिक कार्य भावना, आलोचनात्मक चिंतन तथा कक्षा में अर्जित ज्ञान के व्यावहारिक प्रयोग को प्रोत्साहित किया। दिनभर की गतिविधियों का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने कहा कि ‘इंद्रप्रस्थ’ जैसे आयोजन प्रतिभागियों को जोखिमों का आकलन करने, स्थापित धारणाओं पर प्रश्न उठाने तथा अपनी महत्त्वाकांक्षाओं के साथ नैतिक मूल्यों का संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वास्तविक उद्यमशील सफलता का आधार समाज की आवश्यकताओं को पहचानना, सार्थक समाधान प्रस्तुत करना तथा सामाजिक हित में मूल्य सृजन करना है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि यह सम्मेलन विद्यार्थियों को विभिन्न विचारों एवं दृष्टिकोणों को समझने, परस्पर सहयोग करने तथा अपने निर्णयों की जिम्मेदारी लेने के अवसर प्रदान करता है। ये सभी गुण एक संवेदनशील, विवेकशील एवं दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *