चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों को दिए निर्देश

SHARE:

चांडिल (सरायकेला-खरसावां), 03 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को अपने परिजनों के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के प्रसिद्ध चांडिल डैम का परिभ्रमण किया। इस दौरान वे डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से अभिभूत नजर आए। मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

डैम परिसर के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ पर्यटन एवं विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने चांडिल डैम के बहुआयामी विकास, पर्यटन संवर्धन, जल प्रबंधन तथा चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही बिजली उत्पादन एवं उसके संवर्धन से जुड़े पहलुओं पर भी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

इको-टूरिज्म से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और नौकायन (बोटिंग) की व्यवस्था को और बेहतर एवं आधुनिक बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

पर्यावरण संरक्षण के साथ होगा क्षेत्र का विकास

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चांडिल डैम और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण अनुकूल विकास योजना (सस्टेनेबल ब्लूप्रिंट) तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना इस क्षेत्र को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री की इस पहल से चांडिल डैम को पर्यटन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल के एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *