राँची, 31 अक्टूबर। साईं नाथ विश्वविद्यालय, राँची ने गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के बीबीए एवं बीसीए पाठ्यक्रमों के 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित आईटी प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट संस्था *फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेस चैरिटेबल ट्रस्ट, नई दिल्ली* द्वारा आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को ₹6.26 लाख प्रति वर्ष (CTC) का आकर्षक पैकेज प्रदान किया गया है।
कैंपस प्लेसमेंट की चयन प्रक्रिया साक्षात्कार के माध्यम से संपन्न हुई। इसमें विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, समस्या-समाधान क्षमता एवं संप्रेषण कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कंपनी की ओर से फाउंडर डॉ० विशाल चौधरी, चेयरपर्सन डॉ० श्वेता सिंह चौधरी, अकाउंट मैनेजर श्री अमर नाथ शर्मा एवं एग्जीक्यूटिव ऑफिसर श्रीमती ज्योति कुमारी ने विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के *माननीय कुलपति- मानद कर्नल प्रो० (डॉ०) एस० पी० अग्रवाल* ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ-साथ विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक डिग्री प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें कुशल, आत्मनिर्भर एवं रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए सक्षम बनाना भी है। इस दिशा में विश्वविद्यालय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा, कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।
विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को नियमित रूप से औद्योगिक प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग, व्यक्तित्व विकास, संप्रेषण कौशल एवं मॉक इंटरव्यू के माध्यम से रोजगार के लिए तैयार किया जाता है। विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रबंधन, संकाय सदस्यों एवं प्लेसमेंट सेल ने सभी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल करियर की कामना की।
इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में बीबीए विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ० मौपिया, बीसीए विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो० भावेश कुमार, प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर डॉ० वीरेन्द्र गोस्वामी एवं सहायक कुलसचिव श्री सुबोध सिन्हा सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारियों एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





