लोहरदगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ 8 आरोपी गिरफ्तार; थार गाड़ी जब्त

SHARE:

लोहरदगा, 31 अक्टूबर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लोहरदगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुडू थाना क्षेत्र के केरवाड़ी मोड़ के पास एक निर्माणाधीन मकान से आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 98 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है। इसके अलावा काले रंग की महिंद्रा थार गाड़ी भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा को सूचना मिली थी कि चंदवा-कुडू रोड से काले रंग की महिंद्रा थार (JH01FX0060) में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए ले जाई जा रही है।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद, कुडू थाना प्रभारी नीरज झा एवं सशस्त्र बल की विशेष टीम गठित की गई। अंचलाधिकारी कुडू संतोष उरांव की मौजूदगी में पुलिस टीम ने केरवाड़ी मोड़ के पास संदिग्ध थार को देखा। वाहन से दो लोग उतरकर एक निर्माणाधीन मकान की ओर गए।

इसके बाद पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां मौजूद आठ लोगों के पास से एल्युमिनियम फॉयल में पैक ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।

किसके पास से कितना ब्राउन शुगर मिला?

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से निम्न मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया:

  • पंकज कुमार – 5.15 ग्राम
  • अभय कुमार – 7.32 ग्राम
  • अलतमस अंसारी – 8.01 ग्राम
  • वाहीद अंसारी – 11.09 ग्राम
  • संदीप कुमार यादव – 9.54 ग्राम
  • आर्यन राज चौधरी – 8.21 ग्राम
  • रितु राज जायसवाल उर्फ रितु राज कुमार – 32.81 ग्राम
  • सोनू राज कुमार – 16.12 ग्राम

पुलिस के अनुसार, सभी आठ आरोपियों ने बरामद पदार्थ को ब्राउन शुगर बताया। इसके बाद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।

राँची और लातेहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में छह राँची जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि दो आरोपी लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में कुडू थाना कांड संख्या 95/26, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 17(b), 21(b), 22(b) एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल

छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद, कुडू थाना प्रभारी नीरज झा, आरक्षी आशुतोष कुमार सिंह, जय कुमार यादव, अखिलेश कुमार एवं कुडू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

लोहरदगा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *