रांची: राजधानी रांची में संगठित अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राहुल दुबे गिरोह से जुड़े अपराधियों के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान में रांची पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। घायल अपराधी को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी रिंग रोड इलाके में एक कार से घूम रहे थे और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इनके पास से तीन पिस्टल, गोलियां, मैगजीन, मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की जा रही एक कार समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर बनाई गई विशेष पुलिस टीम
रांची पुलिस को 30 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी एक कार से रिंग रोड क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में डीएसपी हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
इस टीम में कोतवाली थाना प्रभारी पु०नि० मनोज कुमार चौधरी, लोअर बाजार थाना प्रभारी पु०नि० लव कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी पु०नि० अनिल कुमार तिवारी, डोरंडा थाना प्रभारी पु०नि० दिग्विजय सिंह, कांके थाना प्रभारी पु०नि० कुणाल कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
रिंग रोड में कार रोककर चार अपराधियों को पकड़ा
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिंग रोड क्षेत्र में एक संदिग्ध कार को रोका। कार में सवार चार अपराधियों को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल, गोलियां, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों के राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने तथा गिरोह की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, इन अपराधियों की कांडके, हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में भी संलिप्तता सामने आई है। इन घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अपराधी घायल
गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम ने गिरोह के एक अन्य सदस्य की गिरफ्तारी के लिए सीठियो क्षेत्र में छापेमारी की।
इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजा गया।
घायल अपराधी के पास से भी एक पिस्टल, गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ से संबंधित घटनाक्रम की जांच और विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पांच अपराधी गिरफ्तार
रांची पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- सौरभ कुमार उर्फ विलेन (24 वर्ष), पिता वीरेन्द्र साव, निवासी धुर्वा बस स्टैंड, रांची।
- आदित्य कुमार उर्फ कुंदन (24 वर्ष), पिता शिवचरण राय, निवासी बेलदार मोहल्ला, डोरंडा, रांची।
- ऋषभ कुमार (23 वर्ष), पिता शिवचरण राय, निवासी धुर्वा डैम साइड, थाना धुर्वा, रांची।
- गुड्डू मिश्रा (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय मदन मिश्रा, निवासी रामगढ़-रांची रोड, मरार, थाना रामगढ़, जिला रामगढ़।
- मोहित पासवान (19 वर्ष), पिता संतोष पासवान, निवासी अमरावती कॉलोनी, चुटिया, रांची।
तीन पिस्टल समेत अन्य सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों और उनकी निशानदेही पर निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- तीन पिस्टल।
- गोलियां एवं मैगजीन।
- मोबाइल फोन।
- अपराधियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक कार।
फायरिंग की पुरानी घटनाओं में भी भूमिका की जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों का संबंध राहुल दुबे गिरोह से होने की जानकारी मिली है। प्रारंभिक जांच में कांके, हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस इन सभी घटनाओं में आरोपियों की भूमिका, गिरोह के आपराधिक नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
रांची पुलिस का सख्त संदेश
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, अवैध हथियारों के इस्तेमाल और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।
द रांची न्यूज़ स्कोप की विशेष रिपोर्ट





