छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित राह और शहर की हरियाली के लिए रांची नगर निगम की पहल, स्काईलिफ्टर से हो रही पेडों की छंटाई प्रमुख मार्गों से लेकर तालाबों और छठ घाटों के संपर्क पथों तक विशेष अभियान

SHARE:

रांची में छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को घाटों तक आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और आम नागरिकों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे, इसे ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम द्वारा शहर में पेड़ों की छंटाई का विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। नगर निगम की नई स्काईलिफ्टर मशीनों की सहायता से प्रमुख मार्गों, जलाशयों के आसपास तथा छठ घाटों तक जाने वाले संपर्क पथों पर झुकी हुई, सूखी एवं लटकी शाखाओं की आवश्यकतानुसार छंटाई की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के साथ-साथ शहर की प्राकृतिक हरियाली को संरक्षित रखना और सार्वजनिक स्थलों को अधिक व्यवस्थित बनाना है।

* प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थित हो रही हरियाली

अभियान के तहत आज बिरसा चौक से धुर्वा गोलचक्कर तक विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे स्थित वृक्षों की वैज्ञानिक तरीके से छंटाई की गई। इससे सड़क एवं आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली शाखाओं को हटाने तथा वृक्षों की प्राकृतिक संरचना बनाए रखने पर ध्यान दिया जा रहा है। स्काईलिफ्टर मशीन की सहायता से ऊंचाई पर स्थित शाखाओं तक पहुंचकर आवश्यक कार्य किया जा रहा है, जिससे छंटाई को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाया जा सके।

* छठ घाटों और जलाशयों के आसपास विशेष तैयारी

छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु तालाबों एवं अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नगर निगम द्वारा चडरी तालाब, दिव्यायन तालाब, जेल तालाब, धुर्वा डैम, कांके डैम, मधुकम तालाब, बटन तालाब, बनस तालाब एवं करमटोली तालाब के आसपास झुकी एवं लटकी शाखाओं की छंटाई की गई है। अभियान के माध्यम से घाटों के आसपास और संपर्क मार्गों पर आवागमन को सुगम बनाने तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सुविधाजनक एवं सुरक्षित वातावरण में महापर्व के अनुष्ठान संपन्न कर सकें।

* नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

रांची नगर निगम द्वारा केवल पर्व को ध्यान में रखकर ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए भी पेड़ों की छंटाई का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है। निगम के कनेक्ट सेंटर पर सूखे, झुके एवं लटके पेड़ों की शाखाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई के लिए एक समर्पित टीम गठित की गई है। पिछले एक माह में इस संबंध में कुल 120 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से लगभग 75 प्रतिशत का निष्पादन किया जा चुका है। शेष शिकायतों के समाधान के लिए भी कार्रवाई जारी है।

रांची नगर निगम आम नागरिकों से अपील करता है कि यदि उनके आसपास किसी पेड़ की सूखी, झुकी या खतरनाक स्थिति में लटकी शाखा दिखाई देती है, जिससे राहगीरों, वाहनों अथवा सार्वजनिक आवागमन को खतरा हो सकता है, तो इसकी सूचना निगम के टोल फ्री कनेक्ट सेंटर नंबर 1800-570-1235 पर दें। समय पर सूचना मिलने से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

रांची नगर निगम का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ शहर की हरियाली का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। नागरिकों के सहयोग से रांची को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं हरित शहर बनाने की दिशा में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

 

The Ranchi News Scope की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

(DM for advertisements and news 9504248132 whatspp))FOL LOw For MORE reels & NEWS

follow me@theranchinewsscope

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *