रांची, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर YBN यूनिवर्सिटी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की ओर से सामाजिक जागरूकता की पहल की गई। गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय की टीम ने गोद लिए गए गांव लाली पहुंचकर ग्रामीण विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. पोद्दार और कुलसचिव डॉ. दीप्ति भार्गव उपस्थित रहे। इस दौरान शिक्षकों एवं अन्य सदस्यों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए देश की एकता, अखंडता, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को बनाए रखने की शपथ ली। कुलपति के संबोधन के बाद NSS एवं स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की टीम जागरूकता अभियान के लिए गांव लाली रवाना हुई।
विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण
गांव लाली में आयोजित कार्यक्रम में YBN ग्रुप की मुख्य प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. अंकिता यादव और गांव के मुखिया जीरेन टोपनो मौजूद रहे। इस अवसर पर लाली विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच पेन और नोटबुक का वितरण किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके शैक्षणिक विकास में सहयोग देने का संदेश दिया गया।
रैली के माध्यम से अधिकारों और कर्तव्यों का संदेश
कार्यक्रम के दौरान NSS इकाई की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की ओर से कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, संवैधानिक प्रावधानों और कानूनी संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और ग्रामीण समुदाय को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें कानूनी जानकारी उपलब्ध कराना था।
इस अवसर पर NSS कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कौशल किशोर, स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की सहायक प्राध्यापिका निकिता, रंजन सहित विश्वविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
YBN यूनिवर्सिटी की इस पहल का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ ग्रामीण विद्यार्थियों में शिक्षा, समानता, न्याय और नागरिक जिम्मेदारी के मूल्यों को बढ़ावा देना रहा। विश्वविद्यालय ने संविधान दिवस के आयोजन को ग्रामीण स्तर पर जनजागरूकता और सामाजिक भागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया।





