रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपने सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके आश्रितों के लिए चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। सीसीएल के सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने 10 सितंबर 2026 को दरभंगा हाउस, रांची स्थित मंथन सभागार में CPRMSE/NE Portal 2.0 का शुभारंभ किया।
अब सीसीएल के सेवानिवृत्त कर्मियों को मेडिकल बिल जमा करने के लिए कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने CPRMS में पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से घर बैठे आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे और अपने मेडिकल दावे की स्थिति भी आसानी से ट्रैक कर सकेंगे।
पोर्टल के शुभारंभ के अवसर पर सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को सुविधाजनक और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल सीसीएल की टीम द्वारा इन-हाउस विकसित किया गया है।
मेडिकल दावों की प्रक्रिया में PRB, CMS/Medical और Finance जैसे विभिन्न विभाग शामिल होते हैं। नया पोर्टल इन विभागों के बीच दावों के इलेक्ट्रॉनिक संचालन को सुगम बनाएगा। इससे लाभार्थियों को अपने दावे की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिलेगी और संबंधित विभागों में दावों की निगरानी एवं निस्तारण भी आसान होगा।
महाप्रबंधक, सीसी एंड पीआर श्री आलोक कुमार ने कहा कि CPRMSE/NE Portal 2.0 सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके आश्रितों के लिए बेहतर, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्मियों को सम्मानजनक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना सीसीएल की जिम्मेदारी है।
इस पोर्टल के माध्यम से सीसीएल कागज-आधारित प्रक्रिया से डिजिटल एवं अधिक सुगम व्यवस्था की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके विकास में सिस्टम विभाग के साथ PRB, CMS/Medical और Finance विभागों का समन्वय रहा।
कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र एवं सीवीओ श्री पंकज कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





