रांची: समाहरणालय ब्लॉक-बी सभागार में शुक्रवार को करमा पूर्व संध्या समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समाहरणालय कर्मियों ने पारंपरिक पगड़ी और शॉल भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद कर्मियों ने पारंपरिक करमा गीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे पूरा सभागार सांस्कृतिक उल्लास से भर उठा।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि करमा प्रकृति का पर्व है, जो प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके साथ सामंजस्य का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड की संस्कृति, वेशभूषा, खान-पान और नृत्य के साथ-साथ यहां के लोगों का पेड़-पौधों एवं प्रकृति के प्रति गहरा लगाव उन्हें विशेष रूप से प्रभावित करता है।
उपायुक्त ने समाहरणालय कर्मियों की सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि अपनी परंपराओं और संस्कृति को सहेजकर आगे बढ़ाना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने स्वयं मांदर बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया, जिससे समारोह का उत्साह और बढ़ गया।
मौके पर उप विकास आयुक्त संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण, अपर प्रशासक रांची नगर निगम संजय कुमार, परियोजना निदेशक ITDA मनीषा तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार सहित समाहरणालय के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।





