सरला बिरला पब्लिक स्कूल में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया हिंदी दिवस

SHARE:

राँची:-सरला बिरला पब्लिक स्कूल में हिंदी दिवस के अवसर पर ‘हिंदीकृहमारी पहचान, हमारी शान’ विषय पर एक भावपूर्ण एवं विविधतापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी के प्रति आत्मीयता, गौरव और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना तथा हिंदी की समृद्ध भाषा-संस्कृति और साहित्यिक विरासत से जुड़ाव को अभिव्यक्त करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं समूह गीत से हुआ। इसके पश्चात स्वागत भाषण के माध्यम से हिंदी दिवस के महत्व और हिंदी की व्यापकता पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुतियों में ‘दूर देश का राही, हिंदी का अनुरागी’ ने विशेष आकर्षण उत्पन्न किया। सात समंदर पार यूरोप के बेल्जियम से भारत आए फादर डॉ. कामिल बुल्के के हिंदी-प्रेम, हिंदी-सेवा और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके गहरे अनुराग को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। हिंदी के प्रति उनका समर्पण इतना गहरा था कि उन्होंने रामचरितमानस से प्रभावित होकर रामकथा के गहन अध्ययन और शोध को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया। उनकी जीवन-यात्रा इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि हिंदी का आकर्षण और उसकी सांस्कृतिक समृद्धि भौगोलिक सीमाओं से परे भी लोगों को अपने साथ जोड़ती है।
इसके बाद ‘हिंदी: हृदय की भाषा’, ‘हिंदी की सुरभि’, ‘कौन बनेगा हिंदी का ज्ञानी’, ‘सभ्यता की सरिता, हिंदी की धारा’ तथा ‘हिंदीकृमेरी नजर में’ जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी के विविध आयामों को रचनात्मक एवं रोचक ढंग से सामने रखा गया। इन प्रस्तुतियों ने हिंदी की मिठास, महत्ता, साहित्यिक समृद्धि और भारतीय संस्कृति से उसके गहरे संबंध को उजागर किया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने अपने आशीर्वचन के माध्यम से हिंदी के प्रति सम्मान और उसके निरंतर प्रयोग का संदेश दिया। धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात ‘आज की प्रतिज्ञा’ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *