रांची, 14 सितंबर 2026। रांची में जन्मदिन की पार्टी से अपने घर लौट रहे युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत युवक हर्ष कुमार को नगड़ी थाना क्षेत्र के सुनसान जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया। घटना में प्रयुक्त महिंद्रा XUV 500, पांच स्मार्टफोन, 6,500 रुपये नकद और युवक के हस्ताक्षर वाला झारखंड सरकार का स्टांप पेपर बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात करीब 12:10 बजे हर्ष कुमार अपने दोस्तों के साथ आई-20 कार से लालपुर में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद कडरू स्थित अपने घर लौट रहा था। कार्तिक उरांव चौक के पास कार खराब होने के कारण वे लोग सड़क किनारे रुके थे। इसी दौरान एक महिंद्रा XUV 500 वहां पहुंची। आरोप है कि वाहन से उतरे 3-4 लोगों ने हर्ष को जबरन पकड़कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया और वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने कई टीमों का गठन कर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू की। लगातार कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने नगड़ी थाना क्षेत्र के एक सुनसान जंगल से हर्ष कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से घटना में शामिल चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- असगर खान, पिता- इदरिस खान, टाकू, थाना कुडू, जिला लोहरदगा।
- विनय कुमार साहु, पिता- भीम साहु, बीआईडी कृषि मार्केट, थाना/जिला लोहरदगा।
- भोला नायक, पिता- स्व. बालकिसुन नायक, कचहरी चौक, पुरानी रांची नगर निगम भवन, थाना कोतवाली, जिला रांची।
- आकाश कुमार साहु, पिता- स्व. परमेश्वर प्रसाद साहु, सेन्हा, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा।
पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद
- महिंद्रा XUV 500, निबंधन संख्या JH01BZ6636
- 5 स्मार्टफोन
- XUV 500 से 6,500 रुपये नकद
- झारखंड सरकार का स्टांप पेपर, जिस पर हर्ष कुमार के हस्ताक्षर पाए गए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आकाश कुमार साहु का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ लोहरदगा थाना कांड संख्या 197/19, दिनांक 17 दिसंबर 2019 में धारा 387 भादवि के तहत मामला दर्ज था और वह इस मामले में जेल जा चुका है।
अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज
घटना को लेकर हर्ष कुमार के टंकित आवेदन के आधार पर अरगोड़ा थाना कांड संख्या 246/26, दिनांक 14.09.2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1), 140(4), 118(1), 118(2), 123, 109 एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी
कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक, नगर रांची, सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली, वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया, अरगोड़ा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक, पु०अ०नि० चंदन कुमार गुप्ता, आनंद कुमार साह, सत्यम कुमार, पिंटू कुमार, तकनीकी शाखा के कर्मी एवं अरगोड़ा थाना रिजर्व गार्ड शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत युवक को कुछ ही घंटों में सुरक्षित बरामद कर लिया गया। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना के उद्देश्य और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।





