राँची, 11 सितंबर 2026: आमजनों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को राँची जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी में जनशिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित विभिन्न पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना प्रभारी निर्धारित थाना/ओपी में उपस्थित रहे।
इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने आमजनों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कार्यक्रम में कुल करीब 110 आवेदन/मामले प्राप्त हुए।
पुलिस के अनुसार, प्राप्त शिकायतों में से 70 मामलों का त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन निष्पादन कर दिया गया। वहीं, जनशिकायत समाधान कार्यक्रम के दौरान कई संवेदनशील मामले भी पुलिस के संज्ञान में आए।
इन मामलों में वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर कुल 05 प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। शेष प्राप्त शिकायतों पर संबंधित थाना स्तर से गुणवत्तापूर्ण जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनशिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना, शिकायतों का त्वरित समाधान करना और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। राँची पुलिस द्वारा आमजनों की शिकायतों के निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।













