रक्षाबंधन पर पुलिस अधिकारियों ने बालाश्रय और प्रेमाश्रय के बच्चों संग मनाया पर्व

SHARE:

रांची। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रांची पुलिस ने संवेदनशीलता और अपनत्व की मिसाल पेश की। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात एवं कोतवाली एएसपी ने शुक्रवार को पंडरा स्थित बालाश्रय एवं चुटिया स्थित प्रेमाश्रय पहुंचकर बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

इस दौरान आश्रम के बच्चों ने पुलिस अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें अपना भाई एवं संरक्षक मानते हुए स्नेह और विश्वास व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की इच्छाओं के बारे में जानकारी ली।

अधिकारियों ने बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को स्नेह, सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं संवेदनशीलता को भी मजबूत करते हैं।

रक्षाबंधन का यह आयोजन बच्चों के लिए खास और यादगार बन गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुःख में सहभागी और जरूरतमंदों की संवेदनाओं के साथ खड़ी रहने वाली संस्था भी है।

कार्यक्रम में स्थानीय थानों के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *