गुमला में JJMP के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 5 लाख के इनामी सब-जोनल मेम्बर समेत 4 गिरफ्तार

SHARE:

गुमला, 18 अगस्त 2026। गुमला पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन JJMP के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लाख रुपये के इनामी सब-जोनल मेम्बर रामदेव लोहरा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी डुमरी थाना क्षेत्र में JJMP संगठन को पुनः सक्रिय करने, नए सदस्यों को जोड़कर संगठन का विस्तार करने और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।

पुलिस अधीक्षक, गुमला को 17 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि JJMP का सब-जोनल मेम्बर रामदेव लोहरा अपने दस्ते के सदस्यों के साथ डुमरी क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर, श्रीमती श्रुति (IPS) के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने डुमरी थाना क्षेत्र के औरापाट जंगल में घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में 5 लाख का इनामी रामदेव लोहरा (सब-जोनल मेम्बर), अरविन्द नायक (एरिया कमांडर) तथा JJMP के दो सदस्य मुनेष्वर सिंह और जितेंद्र लोहरा शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक रामदेव लोहरा का पूर्व में पीपुल्स वार संगठन और भाकपा (माओवादी) से भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ के आधार पर संगठन के अन्य सदस्यों, सहयोगियों और संगठन के पुनर्गठन से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से AK-56 राइफल, SLR राइफल, सेमी-ऑटोमैटिक राइफल, 7.65 एमएम पिस्टल, देसी कट्टा समेत कुल 146 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वॉकी-टॉकी, 9 मोबाइल फोन, 2 Wi-Fi डोंगल, प्रतिबंधित JJMP/नक्सली पर्चे और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

बरामदगी में शामिल प्रमुख सामान:

  • 01 AK-56 राइफल एवं 02 मैगजीन
  • 01 SLR राइफल एवं मैगजीन
  • 01 सेमी-ऑटोमैटिक राइफल
  • कुल 146 जिंदा राउंड
  • 01 रेगुलर 7.65 एमएम पिस्टल
  • 01 देसी कट्टा
  • 01 वॉकी-टॉकी
  • 09 मोबाइल फोन
  • 02 Wi-Fi डोंगल
  • प्रतिबंधित JJMP/नक्सली पर्चे
  • 01 मोटरसाइकिल

इस कार्रवाई में चैनपुर एसडीपीओ श्रुति (IPS) के नेतृत्व में डुमरी, रायडीह, घाघरा, सिसई और जारी थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ नक्सल QRT टीम गुमला शामिल रही।

गुमला पुलिस ने कहा है कि प्रतिबंधित संगठनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *