रांची: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि मतदाता CEO Jharkhand के आधिकारिक पोर्टल ceo.jharkhand.gov.in पर जाकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम ऑनलाइन देख सकते हैं। जिन पात्र नागरिकों ने निर्धारित अवधि में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा नहीं किया है, वे प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम किसी अन्य मतदान केंद्र पर स्थानांतरित हो गया है या परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे प्रपत्र-8 के माध्यम से मतदान केंद्र में संशोधन करा सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले छात्र-छात्राएं और अन्य नए पात्र नागरिक भी प्रपत्र-6 भरकर अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए जिला निर्वाचन शाखा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के Electoral Literacy Club के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय कर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सहायता उपलब्ध कराएगी।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक सुमन, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विस्तार से उत्तर देते हुए पूरी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी।
महत्वपूर्ण तिथियां:
- प्रथम विशेष कैंप: 8 एवं 9 अगस्त 2026
- द्वितीय विशेष कैंप: 22 एवं 23 अगस्त 2026
- SIR ग्रामसभा: 15 अगस्त 2026






