विश्व आदिवासी महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश

SHARE:

रांची: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 एवं 10 अगस्त 2026 को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

उपायुक्त ने कहा कि विश्व आदिवासी महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समुदाय की समृद्ध परंपराओं, कला, संगीत, नृत्य और जीवनशैली को व्यापक मंच देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने दायित्व समयबद्ध तरीके से पूरे करें और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखें।

बैठक में कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, स्टॉल संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि संभावित चुनौतियों का पूर्व आकलन कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (शहर एवं ट्रैफिक), उप विकास आयुक्त संजय कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कोषांग में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *