‘मेरा कोई है का…?’ बुजुर्ग के सवाल पर डीसी का जवाब बना अपनापन की मिसाल, कहा— ‘हम सब लोग आपके ही हैं’

SHARE:

रांची: प्रशासनिक जिम्मेदारियां केवल सरकारी आदेशों तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार से समाज में विश्वास भी पैदा करती हैं। इसका भावुक उदाहरण शुक्रवार को नगड़ी स्थित वृद्धाश्रम में देखने को मिला, जब रांची के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री नियमित निरीक्षण के दौरान वहां रह रहे बुजुर्गों का हालचाल जानने पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग ने उपायुक्त का हाथ पकड़कर पूछा, “मेरा कोई है का…?” इस भावुक सवाल पर उपायुक्त ने उनका हाथ थामते हुए मुस्कुराकर कहा, “हम सब लोग आपके ही हैं।” उपायुक्त के इस जवाब ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया और पूरे वातावरण में अपनापन एवं संवेदनशीलता की भावना झलकने लगी।

स्वास्थ्य कारणों से जो बुजुर्ग नीचे नहीं आ सके, उनसे मिलने उपायुक्त स्वयं उनके कमरों तक पहुंचे। उन्होंने सभी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

इस दौरान वृद्धाश्रम की एक माताजी ने भजन प्रस्तुत किया। भक्ति और भावनाओं से ओत-प्रोत भजन के साथ उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, प्रोबेशनर आईएएस आस्था शरण, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरभि सिंह सहित उपस्थित सभी अधिकारी तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन करते रहे। पूरा परिसर श्रद्धा, आत्मीयता और उल्लास से भर उठा।

निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग ने उपायुक्त से डूरंड कप फुटबॉल मैच देखने की इच्छा जताई। इस पर उपायुक्त ने तत्काल जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को इच्छुक बुजुर्गों के लिए मैच देखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पिछले निरीक्षण में बुजुर्गों की पसंद जानने के बाद इस बार उपायुक्त अपने साथ मिठाइयां लेकर पहुंचे। उन्होंने प्रोबेशनर आईएएस आस्था शरण के साथ अपने हाथों से सभी बुजुर्गों को मिठाई खिलाई। विशेष रूप से उस माताजी की इच्छा पूरी की गई, जिन्होंने पिछली मुलाकात में मिठाई खाने की बात कही थी।

उपायुक्त ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए प्रत्येक बुजुर्ग की नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय सुविधा, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही वर्षा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, पेयजल के लिए चापाकल स्थापना, परिसर की साफ-सफाई, हरियाली, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।


इसके बाद उपायुक्त ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर वहां महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बेड की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। मसाज चेयर और ट्रेडमिल जैसी सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *