रांची, 29 जुलाई: जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध बड़ा अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर जिले के 100 से अधिक चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध निगरानी प्रस्ताव (Surveillance Proposal) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई उन अपराधियों के खिलाफ की जा रही है, जो आदतन आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और जिनका आपराधिक इतिहास रहा है।
SSP के निर्देश के बाद जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के सक्रिय, आदतन एवं संगठित अपराधियों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध निगरानी प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद इन अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, समय-समय पर सत्यापन होगा तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, निगरानी प्रस्ताव का उद्देश्य केवल अपराधियों पर नजर रखना ही नहीं, बल्कि उन्हें दोबारा अपराध करने से रोकना, उनके आपराधिक नेटवर्क पर अंकुश लगाना तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी है। इस प्रक्रिया के तहत संबंधित अपराधियों की गतिविधियों, उनके संपर्कों और आवागमन पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
SSP ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि निगरानी की कार्रवाई पूरी तरह विधिसम्मत और पारदर्शी तरीके से की जाए। साथ ही अपराधियों के संबंध में अद्यतन जानकारी एकत्र कर नियमित समीक्षा की जाए, ताकि अपराध की किसी भी संभावित घटना को समय रहते रोका जा सके।
रांची के एसएसपी राकेश रंजन का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ सख्ती से निपटा जाएगा और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।






