रांची में राजस्व संग्रहण की समीक्षा, लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के उपायुक्त के निर्देश

SHARE:

रांची, 24 जुलाई। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आंतरिक संसाधन (Internal Resources) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन, उत्पाद, निबंधन, खनन, मत्स्य, राज्यकर, बाजार समिति, नीलाम पत्र एवं माप-तौल विभाग सहित विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण और कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित राजस्व लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि राजस्व संग्रहण पिछले वर्ष से कम न रहे। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया।

उत्पाद विभाग को अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश

बैठक में बताया गया कि उत्पाद विभाग ने अब तक 326 छापेमारी कर 8,645 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। उपायुक्त ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष इसी अवधि में करीब 130 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह हुआ था, जबकि इस वर्ष इसे बढ़ाकर 190 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

निबंधन, परिवहन और अन्य विभागों की समीक्षा

उपायुक्त ने निबंधन विभाग को निर्देश दिया कि संपत्तियों का निबंधन संबंधित कार्यालयों में ही सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा कर राजस्व बढ़ाया जाए। परिवहन, राज्यकर, खनन और अन्य राजस्व संग्रहण वाले विभागों को भी लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने और नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए।

मत्स्य, बाजार समिति और माप-तौल विभाग को निर्देश

मत्स्य विभाग को सभी बकाया देयों की समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं कृषि उत्पादन बाजार समिति और जिला नीलाम पत्र कार्यालय को पत्राचार एवं वसूली प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। माप-तौल विभाग को सभी लाइसेंस अद्यतन रखने और नियमित निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

रिक्त पदों की भी हुई समीक्षा

बैठक में विभिन्न विभागों के रिक्त पदों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने उपलब्ध मानव संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा आवश्यक रिक्तियों के प्रस्ताव समय पर भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर समाहर्ता राम नारायण सिंह, सहायक समाहर्ता आस्था शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *