खेल से मजबूत होता है पुलिस बल का अनुशासन और मनोबल : मनोज कौशिक

SHARE:

राँची, 23 जुलाई। दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट–2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी, पदक तथा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति को बधाई दी।

अपने संबोधन में मनोज कौशिक ने कहा कि खेल एक सशक्त एवं सक्षम पुलिस बल के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार हैं। खेलों से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, धैर्य, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता तथा टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण कार्यशैली के बीच ऐसी प्रतियोगिताएँ पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से ऊर्जावान बनाए रखने के साथ-साथ विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के बीच समन्वय, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा देती हैं।

21 से 23 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट–2026 में एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, क्रिकेट, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, वुशु, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, योग, भारोत्तोलन, कराटे, जूडो, जिम्नास्टिक्स, तीरंदाजी और कुश्ती सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राँची जिला ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। खूंटी जिला दूसरे तथा गुमला जिला तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक राँची राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक खूंटी ऋषभ गर्ग, पुलिस अधीक्षक गुमला हरीश बीन जमा, पुलिस अधीक्षक लोहरदगा सिद्दीकी ए. रिज़वी, पुलिस अधीक्षक सिमडेगा श्रीकांत एस. कोठारे सहित दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के सभी जिलों के पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *