देवघर: पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 22 जुलाई 2026 को पाथरौल थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 7 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी Flipkart, Amazon Pay, Google Pay/PhonePe कस्टमर केयर तथा Airtel Payment Bank के फर्जी प्रतिनिधि बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद की गई कार्रवाई में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की ठगी का तरीका
- फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर बनकर कैशबैक का झांसा देना।
- PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करना।
- फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर Airtel Thanks App के जरिए ग्राहकों को झांसे में लेकर बैंकिंग धोखाधड़ी करना।
बरामद सामान
- 13 मोबाइल फोन
- 14 सिम कार्ड
- 1 प्रतिबिंब (क्लोन) सिम
तकनीकी जांच में बरामद मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की पुष्टि हुई है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक बिशेश्वर कुमार, पाथरौल थाना के सहायक अवर निरीक्षक शिवशंकर हेम्ब्रम तथा पाथरौल थाना की टीम शामिल रही।






