राँची:- डूरंड कप के सफल, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा मोराबादी क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। होटल पार्क प्राइम, मोराबादी से टीआरआई, अंतु चौक, मोराबादी तक मुख्य मार्ग से सटी सरकारी भूमि पर लंबे समय से किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त श्री संजय कुमार स्वयं उपस्थित रहे तथा संपूर्ण कार्रवाई का निरीक्षण किया।
रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम द्वारा अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर निर्मित बैरिकेटिंग, अवैध होर्डिंग, विज्ञापन बोर्ड, ठेला-खोमचा सहित विभिन्न प्रकार के अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान लगभग छह अस्थायी संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। साथ ही एक निजी प्ले स्कूल द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया गया। भूमि पर निर्मित अवैध टाइल्स फ्लोरिंग को तोड़ा गया तथा उगी हुई झाड़ियों की सफाई कर क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया।
अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण अथवा अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि की नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए पुनः अतिक्रमण की किसी भी कोशिश पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
* डुरंड कप को लेकर पार्किंग स्थल होगा चयनितः
डूरंड कप के दौरान भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में बड़ी संख्या में आने वाले खेल प्रेमियों एवं दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा अतिरिक्त पार्किंग स्थलों का चयन किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त ने होटल पार्क प्राइम से वेंडिंग जोन-2 के मोड़ तक अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी भूमि को अस्थायी पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि टूर्नामेंट के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे तथा आगंतुकों को पार्किंग की समुचित सुविधा उपलब्ध हो सके।
* पूरे क्षेत्र को रखा जाएगा अतिक्रमण मुक्त, पेडों की छंटाई के निर्देशः
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि डूरंड कप के आयोजन तक संपूर्ण मोराबादी क्षेत्र को पूर्णतः अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। इसके साथ ही सड़क किनारे स्थित सभी पेड़ों की ट्रिमिंग एवं डालियों की आवश्यक छंटाई समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात, प्रकाश व्यवस्था तथा खिलाड़ियों एवं दर्शकों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करें। रांची नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु लगातार अभियान चलाता रहेगा।
इस दौरान, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक एवं इनफोर्समेंट टीम उपस्थित रहे।






