जी डी गोयनका स्कूल में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

SHARE:

राँची:-20 जुलाई: जी डी गोयनका स्कूल, रांची में सोमवार को भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुई। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के मुख्य द्वार पर सुसज्जित रथ के स्वागत एवं पूजन से हुई। इसके बाद भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा को रथरूपी मंदिर में विराजमान कराया गया। रांची इस्कॉन के मुख्य प्रबंधक प्रभु मधुसूदन मुकुंद दास, विद्यालय के वाइस चेयरमैन अमन सिंह, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार और हेड मिस्ट्रेस रुमा सेन गुप्ता ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की।

विद्यालय के छात्र-छात्राएं हाथों में पुष्प लेकर भगवान के स्वागत में पंक्तिबद्ध खड़े रहे। ‘जय जगन्नाथ’ और ‘जय बलभद्र’ के जयघोषों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस्कॉन की सांस्कृतिक मंडली ने ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ महामंत्र की संगीतमय प्रस्तुति देकर भक्तिमय वातावरण बना दिया, जिस पर विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक भक्ति भाव में झूम उठे।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भगवान श्रीजगन्नाथ के समक्ष मनमोहक भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभु मधुसूदन मुकुंद दास ने रथयात्रा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रथयात्रा के अवसर पर भगवान स्वयं अपने भक्तों के बीच आते हैं, जिससे हर व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के उनके दर्शन कर सके। उन्होंने रथ को मानव शरीर और भगवान को प्रत्येक जीव के भीतर विद्यमान परम चेतना का प्रतीक बताते हुए आत्मबोध, सदाचार और ईश्वर से जुड़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार और उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीजगन्नाथ से विश्व शांति, मानव कल्याण और समस्त प्राणियों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। श्रद्धा, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत यह आयोजन सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *