मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन करेंगे उद्घाटन, दर्शकों के लिए मुफ्त टिकट और स्टेडियम में रहेंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम

SHARE:

रांची: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप-2026 की मेजबानी करने जा रही है। 26 जुलाई से बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर खेल निदेशालय और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि राज्य सरकार ने दर्शकों के लिए निःशुल्क टिकट की व्यवस्था की है। 22 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच स्टेडियम परिसर के निर्धारित काउंटरों से टिकट वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि स्टेडियम के गेट नंबर 11 से 13 के बीच 10 टिकट काउंटर तथा गेट नंबर 23 के पास दो अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं। दर्शकों से अपील की गई है कि वे मैच शुरू होने से कम-से-कम एक घंटा पहले स्टेडियम पहुंचें ताकि सुरक्षा जांच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

खेल निदेशक ने कहा कि 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। इस बार के 135वें संस्करण में 24 टीमें पांच मेजबान शहरों में खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता में इंडियन सुपर लीग (ISL), आई-लीग क्लबों, भारतीय सशस्त्र बलों और विदेशी सैन्य टीमों की भागीदारी होगी।

स्टेडियम में क्या नहीं ले जा सकेंगे दर्शक?

टूर्नामेंट के दौरान सुरक्षा को देखते हुए हथियार, पटाखे, बड़े बैग, बाहरी खाद्य सामग्री, शराब, तंबाकू उत्पाद, ड्रोन, प्रोफेशनल कैमरे, लैपटॉप, बड़े पावर बैंक, हेलमेट, मेगाफोन, एयर हॉर्न, बड़े झंडे, लेजर पॉइंटर और एरोसोल स्प्रे जैसी वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

रांची में पहली बार आयोजित हो रहा यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट राज्य के खेल इतिहास में एक नई उपलब्धि माना जा रहा है और फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ा उत्सव साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *