हजारीबाग के होटल में पुलिस की बड़ी छापेमारी, कई युवक-युवतियां हिरासत में, होटल कराया गया बंद

SHARE:

हजारीबाग: जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित दीपुगढ़ के एक होटल में रविवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कुछ युवक-युवतियां मौके से भागने में सफल रहे, जबकि कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। एहतियातन होटल को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

पुलिस के अनुसार, होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर सत्यापन कराया गया। इसके बाद कोर्रा थाना पुलिस ने टीम गठित कर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही होटल में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई।

कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि होटल में ठहरने वाले लोगों का रिकॉर्ड नियमानुसार रखा जा रहा था या नहीं। होटल संचालक से भी पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक कार्रवाई के तहत होटल को फिलहाल बंद कर दिया गया है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलते ही होटल के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *