रामगढ़/गोला: झारखंड अलग राज्य चिन्हित आंदोलनकारी कल्याण समिति की बैठक रविवार, 19 जुलाई को गोला दक बंगला स्थित स्वर्गीय राजा सोरेन जी के प्रांगण में समिति के अध्यक्ष रमेश कुमार साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 4 अगस्त, जो गुरुजी स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि है, उसी दिन गोला स्थित डीवीसी चौक का नाम बदलकर ‘स्वर्गीय शिबू सोरेन चौक’ रखा जाए तथा वहां उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गोला, गुरुजी के आंदोलन का पहला प्रखंड मुख्यालय रहा है और यह उनका गृह प्रखंड भी है। ऐसे में उनकी स्मृति को स्थायी सम्मान देने के लिए चौक का नामकरण और प्रतिमा स्थापना आवश्यक है।
समिति ने निर्णय लिया कि इस मांग को लेकर जल्द ही रामगढ़ के उपायुक्त से मुलाकात की जाएगी। आंदोलनकारियों की भावनाओं से उन्हें अवगत कराते हुए एक मांग पत्र भी सौंपा जाएगा।
बैठक में अध्यक्ष रमेश कुमार साहू, कोषाध्यक्ष देवेंद्र नाथ ठाकुर, केंद्रीय समिति सदस्य प्रवीण झा, रहीम अंसारी, बाबू मनी, दिनेश महतो, जय नारायण चौधरी, सुनील राज चक्रवर्ती, भोलानाथ मांझी, मुमताज खान सहित गोला प्रखंड के अनेक आंदोलनकारी साथी उपस्थित रहे।






