राँची:- रांची नगर निगम द्वारा शहर में सुव्यवस्थित एवं स्थायी वेंडिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मोराबादी मैदान से हटाए गए वेंडरों के पुनर्वास की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में आज मोराबादी स्थित टैगोर हिल के समीप लगभग 45 डिसमिल गैरमजरूआ भूमि पर वेंडरों को व्यवस्थित रूप से बैठाया गया।
ज्ञात हो कि विगत दिनों माननीया महापौर महोदया एवं माननीय उप महापौर महोदय द्वारा निगम के अधिकारियों के साथ उक्त स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के उपरांत इस स्थान का चयन मोराबादी मैदान से हटाए गए वेंडरों के पुनर्वास एवं उनकी आजीविका के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए किया गया।
आज रांची नगर निगम की टीम द्वारा स्थल पर उपस्थित वेंडरों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया। इसके उपरांत उन्हें नए वेंडिंग स्थल पर सुव्यवस्थित तरीके से बैठाने की प्रक्रिया संपन्न कराई गई, ताकि वे बिना किसी व्यवधान के अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।
रांची नगर निगम का स्पष्ट उद्देश्य किसी भी वेंडर की आजीविका को प्रभावित करना नहीं, बल्कि उन्हें एक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं स्थायी व्यवसायिक स्थल उपलब्ध कराना है। इस पहल से न केवल वेंडरों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, बल्कि आम नागरिकों को भी सुगम आवागमन, बेहतर सुविधाएँ एवं स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहरी वातावरण का लाभ प्राप्त होगा। निगम भविष्य में भी वेंडर्स के हितों एवं शहर के समग्र विकास के बीच संतुलन स्थापित करते हुए आवश्यक कदम उठाता रहेगा।







