जब रंगों ने कहा- सत्यनिष्ठा जरूरी है क्योंकि समृद्धि इसी से आती है..

SHARE:

रांची। कहीं कैनवास पर कूची से उकेरी गई ईमानदारी की तस्वीर, तो कहीं रंगोली के रंगों में सजी पारदर्शिता की कहानी। कहीं सड़क पर कलाकारों की कल्पनाएं आकार ले रही थीं, तो कहीं संगीत की मधुर धुनों ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया। कला, संस्कृति और रचनात्मकता के माध्यम से सत्यनिष्ठा एवं नैतिक मूल्यों का संदेश देने वाला यह अनूठा नजारा सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में देखने को मिला।

यहां आयोजित दो दिवसीय सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 में ‘Probity for Prosperity – सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम पर विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महोत्सव में रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के 500 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि 4 हजार से अधिक विद्यार्थी एवं अन्य लोग आयोजन में शामिल हुए।

लाइव पेंटिंग में 35 से अधिक कलाकारों की रचनात्मकता

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण लाइव पेंटिंग वर्कशॉप रही, जहां कलाकारों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों और कूची के माध्यम से कैनवास पर उकेरा। सीसीएल के महाप्रबंधक, सीसी एवं पीआर विभाग आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि कंपनी की ओर से 35 से अधिक नामचीन कलाकारों को आमंत्रित किया गया था। इनमें कोलकाता, मुर्शिदाबाद, जमशेदपुर और धनबाद के 10 कलाकार भी शामिल थे।

कलाकारों की कलाकृतियों में ईमानदारी, नैतिकता, पारदर्शिता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों की झलक देखने को मिली।

स्ट्रीट पेंटिंग ने राहगीरों को भी किया आकर्षित

स्ट्रीट पेंटिंग के दौरान सड़क ही कलाकारों का कैनवास बन गई। कलाकारों ने जमीन पर आकर्षक चित्र और आकृतियां बनाकर सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी का संदेश दिया। वहां से गुजरने वाले लोग भी रुककर कलाकृतियों को देखते और कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना करते नजर आए।

रंगोली और फेस पेंटिंग में दिखी अनूठी कल्पनाशीलता

रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से नैतिकता एवं सत्यनिष्ठा का संदेश दिया। वहीं फेस पेंटिंग में चेहरों को ही कैनवास बनाकर प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में साधारण गमलों को रंगों और खूबसूरत डिजाइनों से सजाकर आकर्षक कलाकृतियों में बदल दिया गया। इन गतिविधियों ने महोत्सव को रचनात्मकता का विशेष मंच प्रदान किया।

सोलो सॉन्ग प्रतियोगिता में सुरों ने बांधा समां

कला के साथ संगीत का भी शानदार संगम देखने को मिला। सोलो सॉन्ग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा से दर्शकों का मनोरंजन किया। विभिन्न प्रस्तुतियों के दौरान विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और उत्साह देखने लायक रहा।

500 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, CCL ने उपलब्ध कराई सामग्री

महोत्सव की खास बात यह रही कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और कलाकारों को आवश्यक सामग्री सीसीएल की ओर से उपलब्ध कराई गई। इससे प्रतिभागियों को अपनी कल्पनाओं को साकार करने का अवसर मिला।

प्रतियोगिताओं में निर्णायकों ने कलाकृतियों की विषयवस्तु, रंगों के संयोजन, रचनात्मकता और संदेश की स्पष्टता के आधार पर प्रतिभागियों के हुनर का मूल्यांकन किया।

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में महिला कर्मियों का सम्मान

महोत्सव के पहले दिन की शाम ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के नाम रही। इस अवसर पर सीसीएल की महिला कर्मियों को उनके समर्पण, योगदान, उपलब्धियों और कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। महिला मंडल की अन्य सदस्याएं भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस आयोजन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और संगठन के विकास में महिलाओं की भूमिका को सम्मान दिया गया।

कला और संस्कृति के माध्यम से सतर्कता का संदेश

सीसीएल का सतर्कता जागरूकता महोत्सव केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने युवाओं और आम नागरिकों को कला एवं संस्कृति के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।

महोत्सव में विद्यार्थियों, कलाकारों और शहरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इसे एक यादगार आयोजन बना दिया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि सत्यनिष्ठा और ईमानदारी जैसे मूल्यों को केवल भाषणों तक सीमित रखने के बजाय कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *