रांची, 23 नवंबर 2026। शिक्षा, सफलता और गौरव के ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी बना YBN यूनिवर्सिटी, रांची का प्रथम दीक्षांत समारोह सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित सभागार में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया। समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री रवींद्र नाथ महतो tatha भारत सरकार की केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में ओडिशा के संबलपुर स्थित गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ब्योमकेश त्रिपाठी ने समारोह की शोभा बढ़ाई। इसके अतिरिक्त सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगन्नाथन, कुलसचिव प्रो. एस. बी. दंडिल तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सेवानिवृत्त उप महाप्रबंधक श्री प्रमोद रंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
दीक्षांत समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करने का गौरवपूर्ण क्षण रहा। विश्वविद्यालय की ओर से वर्ष 2025 तक के शैक्षणिक सत्रों के लिए कुल 10,030 विद्यार्थियों के पंजीकरण हेतु अवसर उपलब्ध कराया गया था। इनमें से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को पीएचडी, स्नातकोत्तर, स्नातक एवं डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। उपाधि प्राप्त करने के साथ ही विद्यार्थियों के वर्षों के परिश्रम, समर्पण और शैक्षणिक उपलब्धियों को एक नई पहचान मिली। इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों में भी विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यदेव पोद्दार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विकास यात्रा और भावी योजनाओं पर आधारित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
इस ऐतिहासिक आयोजन में विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति कुलाधिपति कुलसचिव की विशेष उपस्थिति रही। विश्वविद्यालय की डीन एकेडेमिक्स , परीक्षा नियंत्रक सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्राध्यापक एवं शिक्षाकर्मी भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, कौशल, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
YBN यूनिवर्सिटी का यह प्रथम दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। इस आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता को सम्मानित किया, बल्कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, गुणवत्ता और नवाचार के प्रति विश्वविद्यालय के संकल्प को भी नई पहचान प्रदान की।
समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और उनके नए शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सफर के लिए शुभकामनाओं के साथ हुआ।





