रांची समाहरणालय में जनता दरबार: डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश

SHARE:

रांची, 23 नवंबर 2026। रांची समाहरणालय में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, पंजी-2 में सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, पारिवारिक विवाद तथा सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उनकी शिकायतों का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर हो।

अनुसेवक मंगरा भोक्ता पर प्रशासन सख्त, वेतन रोकने का निर्देश

जनता दरबार में सिल्ली अंचल में पदस्थापित अनुसेवक मंगरा भोक्ता से संबंधित शिकायत सामने आई। उनकी पहली पत्नी ने अपने बेटे एवं बहू पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। आवेदिका के अनुसार, संपत्ति बेचने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। महिला ने अपनी सुरक्षा और उचित कार्रवाई की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुसेवक मंगरा भोक्ता को शो-कॉज करने तथा उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया।

गंभीर मरीजों के इलाज के लिए राशन कार्ड पर प्राथमिकता

जनता दरबार में राशन कार्ड के अभाव में इलाज में परेशानी झेल रहे दो जरूरतमंद परिवारों के मामले भी सामने आए। खलारी निवासी शंकर प्रसाद गुप्ता ने अपनी महज 22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड बनवाने का आवेदन दिया। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक विभागीय पत्राचार करते हुए जल्द कार्रवाई करने और बच्ची को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया।

वहीं, दाहिना फेफड़ा खराब होने के कारण गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे बाली मिश्रा ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज का लाभ लेने के उद्देश्य से राशन कार्ड के लिए आवेदन किया। इस पर उपायुक्त ने विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।

सक्षम व्यक्ति ने राशन कार्ड से नाम हटाने का दिया आवेदन

चर्च रोड निवासी विनय कुमार ने आर्थिक रूप से सक्षम होने के बाद राशन कार्ड से अपना नाम हटाने के लिए आवेदन दिया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों पर अंचल अधिकारियों को निर्देश

जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों को दस्तावेजों की जांच कर पात्र आवेदकों को शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र निर्गत करने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों और होमगार्ड अभ्यर्थियों के मामलों पर संज्ञान

जनता दरबार में वर्ष 2010 से 2016 के बीच आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आत्मसमर्पण नीति के तहत मिलने वाले लाभ से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुआ। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर पात्र लाभुकों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इसके अलावा वर्ष 2016 की होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े अभ्यर्थियों का मामला भी सामने आया। संबंधित अभ्यर्थियों ने चयन नहीं होने के मामले में उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। न्यायालय के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन को मामले पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।

जमीन विवाद और पेंशन संबंधी शिकायतों के निष्पादन का निर्देश

जमीन दिलाने के नाम पर ठगी, पंजी-2 में सुधार, दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन से जुड़े मामलों पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं, पेंशन संबंधी आवेदनों पर भी त्वरित जांच कर पात्र लाभुकों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने को कहा।

प्रखंड, अंचल, पंचायत और थाना स्तर पर हो समस्याओं का समाधान

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि प्रखंड, अंचल, पंचायत एवं थाना प्रशासन की चार महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। इन सभी की जिम्मेदारी है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान अपने-अपने स्तर पर समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों का समाधान होना चाहिए। यदि किसी नागरिक की समस्या प्रखंड, अंचल, पंचायत अथवा थाना स्तर पर लंबित रहती है या उचित समाधान नहीं मिलता है, तो वह जनता दरबार में अपनी शिकायत रख सकता है।

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आमजनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें, शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें तथा प्रत्येक मामले में जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *