रांची स्पीक्स जिला स्तरीय प्रतियोगिता में रांची-2 प्रखंड का दबदबा, रौनक और रिया बने जिला टॉपर

SHARE:

रांची, 21 नवंबर 2026। सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल को मंच प्रदान करने वाली पहल ‘रांची स्पीक्स’ का जिला स्तरीय द्विवार्षिक समारोह सह प्रतियोगिता-2026 शनिवार को भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यालय जिला शिक्षा अधीक्षक, रांची के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में रांची जिले के सभी 20 प्रखंडों से चयनित 40 प्रतिभागियों के साथ ऑनलाइन प्रतियोगिता के छह विजेताओं ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में रांची-2 प्रखंड के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। प्राथमिक वर्ग में रौनक कुमार ने 435 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया, जबकि उच्च प्राथमिक वर्ग में रिया कुमारी ने 427 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।

दोनों वर्गों में रांची-2 का शानदार प्रदर्शन

पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानदंडों के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे।

प्राथमिक वर्ग (कक्षा 1 से 5)

  • प्रथम: रौनक कुमार, कक्षा 5, राजकीयकृत मध्य विद्यालय, डिबडीह, रांची-2 (435 अंक)।
  • द्वितीय: अतुल्या राणा, कक्षा 5, राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बाड़े, बुड़मू।
  • तृतीय: यति शर्मा, कक्षा 4, राजकीयकृत बेसिक मध्य विद्यालय, नामकुम।

उच्च प्राथमिक वर्ग (कक्षा 6 से 8)

  • प्रथम: रिया कुमारी, कक्षा 8, राजकीयकृत परमवीर अल्बर्ट एक्का मध्य विद्यालय, नामकुम, रांची-2 (427 अंक)।
  • द्वितीय: राजवीर सिंह, कक्षा 7, राजकीयकृत मध्य विद्यालय, झखड़ाटांड़, रातू।
  • तृतीय: त्रिलोचन कुमार, कक्षा 7, राजकीयकृत मध्य विद्यालय, नवीन आरक्षी, रांची।

दोनों वर्गों में रांची-2 के विद्यार्थियों की जीत को प्रखंड के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

समसामयिक विषयों पर बच्चों ने रखे विचार

सुबह 10 बजे शुरू हुई प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को अपनी पसंद के विषयों पर विचार एवं भाषण प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। बच्चों ने झारखंड एसआईआर, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, विकसित भारत-2047, आजादी के 80 वर्ष और साइबर सुरक्षा जैसे समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुति में विषयों की समझ, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल देखने को मिला।

उमाशंकर सिंह और शशि रंजन ने किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के सचिव उमाशंकर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि उमाशंकर सिंह ने प्राथमिक वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। वहीं, विशिष्ट अतिथि शशि रंजन ने उच्च प्राथमिक वर्ग के विजेताओं एवं ऑनलाइन प्रतियोगिता के छह विजेताओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर यूनिसेफ की झारखंड प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्रा, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक नीलम आयेलीन टोप्पो, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, झारखंड अधिविद्य परिषद के सचिव सच्चिदानंद दिवेंदु तिग्गा, संयुक्त सचिव भूतनाथ रजवार तथा जेसीईआरटी के उप निदेशक डॉ. मनोरथ दहाल सहित शिक्षा विभाग के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

राज्य स्तर पर विस्तार की तैयारी

मुख्य अतिथि उमाशंकर सिंह एवं विशिष्ट अतिथि शशि रंजन ने रांची स्पीक्स कार्यक्रम की पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों और आयोजन की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों में आत्मविश्वास और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने इस कार्यक्रम को राज्यव्यापी स्तर पर विस्तारित करने की दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने बताया कि सितंबर 2024 से लगातार संचालित रांची स्पीक्स अभियान के तहत अब तक लगभग 112 विषयों पर बच्चों को अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा चुका है। सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से सरकारी विद्यालयों के बच्चों की प्रतिभा को आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के प्रति समाज में विश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है।

कार्यक्रम की जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. जया प्रभा महतो ने प्रतियोगिता के मूल्यांकन मानदंडों एवं नियमित आयोजन की प्रक्रिया की जानकारी दी।

पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन

प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल गठित किया गया था। इसमें सीमा प्रसाद, संजीव कुमार तिवारी, सरिता सिन्हा, ध्रुव कुमार पांडेय और कृतिका तिवारी शामिल थे।

कार्यक्रम में जिले के सभी 20 प्रखंडों के शिक्षा पदाधिकारी, प्रधानाध्यापक, प्रखंड एवं विद्यालय नोडल शिक्षक, सीआरसी नोडल शिक्षक, प्रतिभागियों के अभिभावक और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

धन्यवाद ज्ञापन के बाद भूपेश प्रसाद श्रीवास्तव के निर्देशन में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

रांची स्पीक्स की यह पहल साबित कर रही है कि सरकारी विद्यालयों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो सिर्फ उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर देने की, ताकि वे भविष्य में आत्मविश्वासी, जागरूक और प्रभावशाली नागरिक बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *