रांची, 22 नवंबर 2026। झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को विधानसभा परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर उत्कृष्ट विधायक, पूर्व विधायकों, विधानसभा के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस वर्ष मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम के दौरान झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। वहीं, ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया।
लोकतंत्र का मंदिर है झारखंड विधानसभा : हेमन्त सोरेन
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा राज्य का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंदिर है, जहां राज्य के आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लिए जाते हैं। यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और विभिन्न समितियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। सभी का उद्देश्य राज्य का विकास, जनकल्याण और आम जनता के हितों की रक्षा करना है। यह ऐसा महत्वपूर्ण मंच है, जहां राज्य के भविष्य, नीतियों और नागरिकों से जुड़े विषयों पर चर्चा होती है।
झारखंड की योजनाएं दूसरे राज्यों के लिए बन रहीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने अपनी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश में अलग पहचान बनाई है। विशेषकर महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना अन्य राज्यों में भी हो रही है। झारखंड की योजनाओं और कार्यप्रणाली से दूसरे राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। विकास की मुख्यधारा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे, इसके लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
2050 के विकसित झारखंड का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है। हमारा प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक विकसित, समृद्ध और सशक्त झारखंड का निर्माण किया जाए।
उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण के पीछे हमारे पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों का लंबा संघर्ष एवं बलिदान रहा है। उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचे और उनके लिए बेहतर भविष्य तैयार हो।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो एवं नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति तथा विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा के पदाधिकारी, कर्मी और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस लोकतांत्रिक परंपराओं, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों और राज्य के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को दोहराने का अवसर बना।





