छात्रवृत्ति भुगतान में देरी पर कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा गंभीर, सभी जिलों को प्रक्रिया तेज करने का निर्देश

SHARE:

रांची। झारखंड में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर उपलब्ध कराने को लेकर राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के क्रियान्वयन, भुगतान में हो रही देरी, तकनीकी समस्याओं और केंद्र सरकार से प्राप्त होने वाली राशि की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मंत्री ने विशेष रूप से पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के भुगतान में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से इस योजना के लिए अपेक्षित एवं पर्याप्त राशि नहीं मिलने के कारण छात्र-छात्राओं में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है। मंत्री ने विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

तकनीकी समस्याएं दूर, भुगतान प्रक्रिया फिर शुरू

समीक्षा बैठक में विभागीय सचिव ने जानकारी दी कि छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया में SNA Sparsh प्रणाली लागू होने के बाद कुछ तकनीकी कठिनाइयां सामने आई थीं। इसके कारण विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि पहुंचने में विलंब हुआ।

हालांकि, विभाग ने तकनीकी समस्याओं का समाधान कर भुगतान प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है। भुगतान में तेजी लाने के लिए सभी जिलों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं।

विद्यार्थियों को राहत पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता

मंत्री चमरा लिण्डा ने छात्रवृत्ति भुगतान की स्थिति में सुधार लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव, आदिवासी कल्याण आयुक्त तथा प्रबंध निदेशक, आदिवासी सहकारी विकास निगम, रांची उपस्थित रहे।

छात्रवृत्ति भुगतान में तेजी लाने के लिए विभागीय स्तर पर उठाए गए कदमों से विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *