रांची: राजधानी रांची में मवेशियों की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। नामकुम थाना क्षेत्र के कुटियातू चौक के पास पुलिस ने एक मैजिक वाहन से तीन मवेशियों को बरामद किया। आरोप है कि मवेशियों को क्रूरतापूर्वक बांधकर वध के उद्देश्य से डोरंडा के कुसई कॉलोनी ले जाया जा रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम थाना क्षेत्र के राजाउलातु से कुटियातू चौक होते हुए एक मैजिक वाहन में तीन मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नियंत्रण एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
गठित पुलिस टीम कुटियातू चौक की ओर रवाना हुई। इसी दौरान 89 ग्राउंड, कुटियातू के पास पुलिस ने एक संदिग्ध मैजिक वाहन संख्या JH01EN 0520 को आते देखा। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया। इसके बाद चालक ने वाहन छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में चालक की पहचान अमित कुमार सिंह (25 वर्ष), पिता जितेंद्र सिंह, निवासी अमेठिया नगर, मां वैष्णो देवी गैस एजेंसी के सामने, नामकुम, रांची के रूप में हुई। वाहन की जांच करने पर उसमें तीन मवेशी क्रूरतापूर्वक बंधे हुए मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह तीनों मवेशियों को चोरी कर वध के लिए कुसई कॉलोनी, डोरंडा ले जा रहा था।
वाहन और मवेशियों समेत मोबाइल जब्त
पुलिस ने मौके से मैजिक वाहन संख्या JH01EN 0520, तीन मवेशी और एक रेडमी 5G मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 329/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(a), 11(1)(d), 11(1)(e) तथा झारखंड गोवंशीय पशु वध प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 12(1), 12(2), 12(3) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
- अमर कुमार पांडेय, वरीय पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय-1, रांची।
- जयदेव सराक, पुलिस अवर निरीक्षक, नामकुम थाना।
- प्रवीण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक, टाटीसिलवे थाना।
- तारकेश्वर प्रसाद केशरी, सहायक अवर निरीक्षक, नामकुम थाना।
- नामकुम थाना के सशस्त्र बल।
पुलिस की इस कार्रवाई को मवेशियों की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।







