रांची के HCG अस्पताल में बड़ी सफलता: 41 वर्षीय महिला के पेट से निकाला 10 किलो का कैंसरग्रस्त ट्यूमर

SHARE:

रांची, 15 नवंबर: राजधानी रांची के एचसीजी अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर अस्पताल में डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 41 वर्षीय महिला के शरीर से करीब 10 किलोग्राम वजन का कैंसरग्रस्त ओवेरियन ट्यूमर निकाल दिया। तीन घंटे से अधिक समय तक चली इस सर्जरी के जरिए डॉक्टरों ने महिला को गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं और हृदय एवं फेफड़ों के काम करना बंद करने के संभावित खतरे से बचाया।

इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन का नेतृत्व एचसीजी रांची के कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. संदीप कुमार ने किया। सर्जरी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की मल्टीडिसिप्लिनरी टीम शामिल रही।

जानकारी के अनुसार, तीन बच्चों की मां और ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली महिला पिछले काफी समय से पेट में असामान्य सूजन, दर्द और सांस लेने में परेशानी से जूझ रही थीं। करीब दो महीने पहले उन्हें पेट में गांठ का एहसास हुआ था, जबकि जांच में पता चला कि ट्यूमर लगभग एक वर्ष से विकसित हो रहा था।

जांच के दौरान ट्यूमर का आकार करीब 25×30 सेंटीमीटर पाया गया, जबकि ऑपरेशन के समय इसका वास्तविक आकार 35 सेंटीमीटर से अधिक था। ट्यूमर इतना बड़ा हो चुका था कि वह डायफ्राम पर दबाव डाल रहा था, जिससे महिला को सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। विशेष रूप से लेटने पर उनकी सांस लेने की समस्या बढ़ जाती थी।

मरीज की स्थिति इसलिए भी चुनौतीपूर्ण थी क्योंकि वह डायबिटीज से पीड़ित थीं और करीब 12 वर्ष पहले उनकी हिस्टेरेक्टॉमी यानी गर्भाशय निकालने की सर्जरी हो चुकी थी। इस कारण दोबारा सर्जरी करना डॉक्टरों के लिए एक बड़ी चुनौती थी।

आर्थिक परेशानियों और आसपास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण महिला ने पहले कई स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज कराया, लेकिन बीमारी की सही पहचान नहीं हो सकी। बाद में एक परिचित की सलाह पर उन्हें एचसीजी अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. संदीप कुमार ने उनकी जांच और उपचार की जिम्मेदारी संभाली।

सर्जरी के दौरान डॉक्टरों की टीम ने विशाल ओवेरियन ट्यूमर के साथ बचे हुए अंडाशय और पेल्विक लिम्फ नोड्स को भी निकाल दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ऑपरेशन सफल रहा और मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब फाइनल हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट के आधार पर आगे की एडजुवेंट थेरेपी तय की जाएगी।

कैंसर के आधुनिक इलाज की सुविधा उपलब्ध

एचसीजी अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर अस्पताल हेल्थकेयर ग्लोबल एंटरप्राइजेज (HCG) नेटवर्क का हिस्सा है। अस्पताल में मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी और हेमेटोलॉजी सहित कैंसर उपचार की विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं।

इसके अलावा अस्पताल में बोन मैरो ट्रांसप्लांट, आधुनिक जांच सुविधाएं, क्रिटिकल केयर, क्लिनिकल साइकोलॉजी और पेन मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

इस सफल सर्जरी ने एक बार फिर यह साबित किया है कि समय पर सही जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से गंभीर से गंभीर बीमारियों का भी बेहतर उपचार संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *