मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली में IITF-2026 के झारखंड पवेलियन का किया उद्घाटन, ‘विकास और विरासत’ थीम से दिखी राज्य की पहचान

SHARE:

नई दिल्ली/रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF-2026) में झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन किया। इस वर्ष झारखंड को मेले में ‘फोकस स्टेट’ के रूप में भागीदारी का अवसर मिला है। पवेलियन की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है, जिसके माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास की संभावनाओं और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर झारखंड के लिए अपनी उपलब्धियों, संभावनाओं और सांस्कृतिक पहचान को देश के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच है। राज्य सरकार के विभिन्न विभाग इसमें अपनी उपलब्धियों और पहलों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इस वर्ष ‘विकास और विरासत’ थीम के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला समूहों की भागीदारी, कारीगरों एवं शिल्पकारों को मिल रहे प्रोत्साहन तथा विकासात्मक पहलों को प्रमुखता दी गई है।

महिला उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को मिला विशेष महत्व

मुख्यमंत्री ने झारखंड पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प, कला-संस्कृति, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली। पवेलियन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ स्वागत किया गया।

इस बार झारखंड पवेलियन में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को विशेष स्थान दिया गया है। टसर सिल्क, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से झारखंड की पारंपरिक कला एवं आर्थिक संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पहल की गई है।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन विभाग के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और उद्योग निदेशक विशाल सागर समेत राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

IITF-2026 में झारखंड की भागीदारी से राज्य के स्थानीय उत्पादों, महिला उद्यमियों, हस्तशिल्प कलाकारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *