रांची में गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने किया खुलासा, कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर, गढ़ाटोली में मो. तनवीर आलम उर्फ आलम बाबू की गोली मारकर हत्या के मामले में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के अंदर प्राथमिकी अभियुक्त मो. शाहरुख (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्तौल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे शांति नगर, गढ़ाटोली में मो. तनवीर आलम उर्फ आलम बाबू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी के फर्दबयान के आधार पर सदर थाना कांड संख्या 516/2026, दिनांक 14 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/238(a) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपाधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. शाहरुख, पिता मो. शाहजहां कुरैशी, निवासी शांति नगर, गढ़ाटोली, थाना सदर, जिला रांची को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्तौल तथा उसके पास से वीवो कंपनी का एक स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपराध स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपी

  • मो. शाहरुख (29 वर्ष), पिता मो. शाहजहां कुरैशी।
  • निवासी : शांति नगर, गढ़ाटोली, थाना सदर, जिला रांची।

बरामद सामान

  1. एक देशी पिस्तौल।
  2. वीवो कंपनी का एक स्मार्ट मोबाइल फोन।

छापेमारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी

  1. संजीव बेसरा, पुलिस उपाधीक्षक, सदर, रांची।
  2. कुलदीप कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी, सदर, रांची।
  3. जमील अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक, सदर थाना।
  4. कश्यप गौतम, पुलिस अवर निरीक्षक, सदर थाना।
  5. बाल मोहन सिंह, सहायक अवर निरीक्षक, सदर थाना।
  6. सदर थाना के सशस्त्र बल।

रांची पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हत्या के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *