राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर सदफ पब्लिक स्कूल में मौलाना अबुल कलाम आजाद की 138वीं जयंती मनाई गई

SHARE:

रांची, 11 नवंबर 2026: राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर बुधवार को कांटाटोली स्थित सदफ पब्लिक स्कूल में भारत रत्न एवं देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की 138वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष जनाब हुसैन खान शामिल हुए। उन्होंने मौलाना अबुल कलाम आजाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही शिक्षा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

इस अवसर पर हुसैन खान ने विद्यालय के बच्चों के बीच स्कूल बैग, लंच बॉक्स, पानी की बोतल और टॉफी का वितरण किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और देश की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। मौलाना अबुल कलाम आजाद ने शिक्षा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का सपना देखा था। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए हमें बच्चों को बेहतर शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से मोहम्मद सफ्फार, मोहम्मद अरबाज एवं मोहम्मद रशीद तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से मोहम्मद गोलरेज एवं अब्दुल कादरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मौलाना अबुल कलाम आजाद के शैक्षणिक विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *