हंटरगंज पुलिस की तत्परता से महिला का खोया पर्स बरामद, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन सुरक्षित मिले

SHARE:

चतरा। हंटरगंज थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक महिला का खोया हुआ पर्स बरामद कर लिया है। पर्स में रखे सोने-चांदी के सभी जेवरात और मोबाइल फोन भी सुरक्षित बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से महिला को बड़ी राहत मिली है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 सितंबर 2026 को आवेदिका सुमन कुमारी (22 वर्ष), पति मनोज सिंह, ग्राम गोपालकेड़ा, थाना मोहनपुर, जिला गया (बिहार) ने हंटरगंज थाना में पर्स गुम होने को लेकर लिखित आवेदन दिया था। आवेदिका ने बताया था कि वह अपने मायके ग्राम घोड़दौर, थाना प्रतापपुर से टेंपो के माध्यम से ससुराल के लिए निकली थी। इसी दौरान जब वह हंटरगंज बाजार पहुंची तो उसका पर्स गायब मिला। पर्स में रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन तथा सोने-चांदी के कीमती जेवरात रखे हुए थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए हंटरगंज थाना पुलिस ने तकनीकी सेल के सहयोग से जांच शुरू की। पुलिस के प्रयास से आवेदिका का खोया हुआ पर्स तथा उसमें रखे सभी सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। इस संबंध में आवेदिका को सूचित कर दिया गया है। जेवरात एवं मोबाइल फोन की पहचान कराने के बाद सभी सामान उन्हें सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है।

बरामद सामानों की सूची

  1. सोने का मंगटीका – वजन करीब 08 ग्राम।
  2. सोने की नथिया – वजन करीब 06 ग्राम।
  3. सोने का जितिया – वजन करीब 05 ग्राम।
  4. चांदी का पायल – वजन करीब 250 ग्राम।
  5. चांदी की सिकड़ी – वजन करीब 08 ग्राम।
  6. चांदी का दुल्हन बिछिया – वजन करीब 05 ग्राम।
  7. चांदी की अंगूठा बिछिया – वजन करीब 02 ग्राम।
  8. चांदी का छोटा बिछिया – वजन करीब 01 ग्राम।
  9. बजरंगबली का चांदी का लॉकेट – वजन करीब 02 ग्राम।
  10. चांदी का चंद्रमा लॉकेट – वजन करीब 02 ग्राम।
  11. चांदी का छोटा पाया एवं घुंघरू – वजन करीब 05 ग्राम।
  12. चांदी का ताबीज – वजन करीब 01 ग्राम।
  13. रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन।

जांच एवं कार्रवाई में शामिल पुलिस पदाधिकारी और कर्मी

  1. पु०अ०नि० संदीप कुमार, थाना प्रभारी, हंटरगंज थाना, चतरा।
  2. स०अ०नि० अजय कुमार महतो, हंटरगंज थाना, चतरा।
  3. आरक्षी-463 शक्ति दास, सीसीटीएनएस ऑपरेटर, हंटरगंज थाना, चतरा।

हंटरगंज पुलिस की इस तत्परता से महिला को उसके खोए हुए कीमती सामान वापस मिलने की उम्मीद जगी है। तकनीकी सेल के सहयोग से की गई इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *