पारस एचईसी हॉस्पिटल में जटिल सर्जरी कर चाकू से घायल 23 वर्षीय युवक की बचाई जान

SHARE:

रांची: पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची में डॉक्टरों ने गंभीर रूप से चाकू से घायल 23 वर्षीय युवक का सफल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। युवक के पेट और छाती के बाईं ओर चाकू के कई घाव थे। अधिक खून बहने के कारण वह गंभीर शॉक की स्थिति में अस्पताल पहुंचा था। जांच में उसके पेट में छेद, बाईं ओर डायफ्राम फटने तथा छाती में हवा और खून जमा होने की पुष्टि हुई। समय पर इलाज और जटिल सर्जरी के बाद मरीज की हालत में सुधार हुआ और ऑपरेशन के छठे दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मरीज का इलाज पारस एचईसी हॉस्पिटल के कंसल्टेंट जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि मरीज को इमरजेंसी में लाए जाने के समय उसका ब्लड प्रेशर 80/40 था, जबकि हृदय गति 118 से 125 प्रति मिनट के बीच थी। उसे सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। प्रारंभिक जांच और सीटी स्कैन के बाद मरीज को तत्काल ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। सर्जरी के दौरान पेट में हुए छेद और बाईं ओर फटे डायफ्राम की मरम्मत की गई। इसके अलावा, बाईं किडनी में भी सतही चोट पाई गई। छाती में हवा और खून जमा होने के कारण चेस्ट ट्यूब डालकर उसे बाहर निकाला गया। ऑपरेशन के बाद मरीज को दो दिनों तक आईसीयू में निगरानी में रखा गया। इसके बाद उसे वार्ड में स्थानांतरित किया गया। स्वास्थ्य में लगातार सुधार होने और भोजन लेने की स्थिति में आने के बाद ऑपरेशन के छठे दिन उसे छुट्टी दे दी गई।

डॉ अमरेंद्र कुमार ने कहा कि गंभीर चोटों के मामलों में समय पर सही पहचान, त्वरित सर्जिकल हस्तक्षेप और ऑपरेशन के बाद उचित देखभाल बेहद महत्वपूर्ण होती है। इस मामले में समय पर किए गए उपचार और समन्वित चिकित्सकीय देखभाल से मरीज की हालत स्थिर हुई और उसे सुरक्षित घर भेजा जा सका।

पारस एचईसी हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. नीतेश कुमार ने कहा कि गंभीर दुर्घटनाओं और ट्रॉमा के मामलों में मरीज को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे मामलों में त्वरित निर्णय, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और ऑपरेशन के बाद बेहतर देखभाल मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। पारस एचईसी हॉस्पिटल में हमारा प्रयास है कि गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *